बिहार

Bihar SIR 2025: अंतिम मतदाता सूची जारी, 7.3 करोड़ वोटर शामिल…

Bihar : बिहार में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसमें कुल 7 करोड़ 30 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इस बार करीब 14 लाख नए मतदाता भी सूची में जोड़े गए हैं, जिनमें ज्यादातर 18 साल या उससे अधिक उम्र के हैं।

चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को ऑनलाइन उपलब्ध कराया और हर जिले के निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में भौतिक प्रतियां भी उपलब्ध करवाई हैं। सभी राजनीतिक दलों को अंतिम सूची प्रदान कर दी गई है।

मतदाता पुनरीक्षण कार्य जून 2025 में शुरू हुआ था। इससे पहले बिहार में कुल 7 करोड़ 89 लाख मतदाता थे। पुनरीक्षण के बाद कुल 65 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इसमें 22 लाख मृत मतदाता, 35 लाख विस्थापित मतदाता और 7 लाख ऐसे मतदाता शामिल थे जिनके नाम दो बार दर्ज थे। इन सभी को दावा या आपत्ति करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया था।

जिलावार मतदाता कटौती के अनुसार प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं: पटना 3,95,500, समस्तीपुर 2,83,955, मुजफ्फरपुर 2,82,845, मधुबनी 3,52,545, गोपालगंज 3,10,363, सीवान 2,21,711, भागलपुर 2,44,612, गया 2,45,663, दरभंगा 2,03,315, पूर्वी चम्पारण 3,16,793।

चुनाव आयोग का यह कदम मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित करने और नए एवं पुराने मतदाताओं के रिकॉर्ड को अद्यतन करने के लिए उठाया गया है। मतदाता अपनी सूची में नाम ऑनलाइन जांच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *