रांची में CNG की किल्लत से जूझ रहे ऑटो चालक, संघ ने सरकार से की राहत की मांग
रांची : राजधानी रांची में CNG की आपूर्ति में हो रही परेशानी के चलते ऑटो चालकों की रोजी-रोटी पर संकट गहराता जा रहा है। झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
घंटों लाइन में लगकर बर्बाद हो रहा समय
संघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी ने बताया कि पहले रांची में डीजल और पेट्रोल ऑटो का संचालन होता था, तब कभी भी ईंधन की कमी महसूस नहीं हुई। लेकिन CNG ऑटो के पंजीकरण के बाद से स्थिति बिगड़ गई है। चालकों को गैस भरवाने के लिए 4 से 6 घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक आमदनी पर सीधा असर पड़ रहा है।
सरकार से दो विकल्पों पर विचार की मांग
संघ ने सरकार के समक्ष दो मुख्य मांगें रखी हैं:
- CNG की उपलब्धता शहर में बढ़ाई जाए ताकि ऑटो चालकों को लाइन में खड़े न रहना पड़े।
- यदि ऐसा संभव नहीं हो, तो डीजल ऑटो के संचालन की अनुमति दोबारा दी जाए।
दिनेश सोनी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो महासंघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।
20 हजार से अधिक ऑटो प्रभावित
गौरतलब है कि रांची शहर में 20 हजार से अधिक डीजल और सीएनजी ऑटो संचालित हो रहे हैं। लेकिन सीमित CNG स्टेशनों और धीमी आपूर्ति के कारण अधिकतर चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक सेवा और आमदनी दोनों प्रभावित हो रही हैं।
