रांची

कृषि मंत्री ने कांग्रेस भवन में आयोजित किया जनता दरबार

Ranchi : झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को रांची के कांग्रेस भवन में आयोजित जनता दरबार के दौरान माना कि राज्य में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने बताया कि अधिक वर्षा की वजह से किसानों की ओर से यूरिया की मांग काफी बढ़ गई है, जिससे कुछ व्यापारी इसका गलत फायदा उठा रहे हैं।

मंत्री ने साफ कहा कि सरकार इस स्थिति को गंभीरता से ले रही है। पलामू में 4 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और जरूरत पड़ी तो और कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वालों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार से अतिरिक्त यूरिया की मांग के लिए भी बात की जाएगी।

समस्याओं की लंबी फेहरिस्त
जनता दरबार में 74 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें पेंशन, बिजली बिल, जल संकट, जाति-आय प्रमाण पत्र, मंईयां सम्मान योजना और गंभीर बीमारियों से जुड़ी मदद की मांग शामिल थी।

हिंदपीढ़ी निवासी मोहम्मद शमीम जलील का ₹1.32 लाख का बिजली बिल आने पर मंत्री ने तुरंत अधिकारियों से बात कर इसे सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक बिजली बिल के मामलों में स्थायी समाधान की व्यवस्था की जाएगी।

मंत्री का सख्त संदेश
शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यवस्था जनता की सुविधा के लिए होती है, इसलिए हर शिकायत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

जनता दरबार को बताया ‘जनता से जुड़ने का जरिया’
मंत्री ने कहा कि जनता दरबार एक सकारात्मक प्रयास है, जिससे आम लोग सीधे अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकते हैं। कुछ मामलों का तत्काल समाधान हुआ, जबकि कानूनी प्रक्रिया वाले मामलों में उचित सलाह दी गई।

उपस्थित प्रमुख लोग
जनता दरबार में अभिलाष साहू, राजन वर्मा, निरंजन पासवान, राकेश किरण महतो, नरेंद्र लाल गोपी और राजीव चौधरी शामिल थे। कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *