Home

शादी का झांसा देकर यौन शोषण व दो लाख की ठगी का आरोपित कोडरमा से गिरफ्तार

कोडरमा, 19 जुलाई । जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियामा गांव से पश्चिम बंगाल पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और ठगी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोरियामा निवासी अजय राणा के 24 वर्षीय पुत्र विशाल राणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले विशाल राणा की सोशल मीडिया के माध्यम से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की एक युवती से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान विशाल कई बार युवती से मिला।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, विशाल ने अपने परिजनों की बीमारी का हवाला देकर अलग-अलग समय पर उससे करीब दो लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद उसने युवती से संपर्क तोड़ दिया और शादी करने से भी इनकार कर दिया। युवती ने वर्धमान थाने में विशाल राणा के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण और दो लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया था।

मामले की जांच के क्रम में पश्चिम बंगाल के वर्धमान थाना की पुलिस टीम शनिवार को कोडरमा पहुंची और तिलैया थाना पुलिस को सूचना देने के बाद मोरियामा स्थित उसके घर से आरोपित को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस आरोपित को अपने साथ वर्धमान ले गई। तिलैया थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि गिरफ्तारी की सूचना स्थानीय थाने को विधिवत दी गई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई वर्धमान पुलिस करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *