Home

रांची में महिला ने दो बच्चों संग की खुदकुशी, घरेलू कलह और आर्थिक तंगी की आशंका


रांची, 3 अगस्त । राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित नागेश्वर इन्क्लेव, लटमा में एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार सुबह तब सामने आई जब मृतका के फ्लैट का दरवाजा देर तक नहीं खुला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान संयुक्ता सिंह (34), उनकी बेटी आराध्या सिंह (14) और बेटा आरव सिंह (12) के रूप में हुई है। तीनों के शव फ्लैट के ड्राइंग रूम से बरामद किए गए।

खुदकुशी के पीछे कारण
प्राथमिक जांच में आर्थिक तंगी और घरेलू कलह को आत्महत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है। मृतका के पति ब्रजेश सिंह से उनका विवाद चल रहा था और तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन था। ब्रजेश पिछले तीन वर्षों से बिहार के औरंगाबाद में रह रहे थे, जबकि संयुक्ता दोनों बच्चों के साथ रांची के फ्लैट नंबर 106 में रह रही थीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लैट बैंक में गिरवी रखा हुआ था और संयुक्ता बच्चों की स्कूल फीस तक भरने में असमर्थ थीं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच
घटना की सूचना पर जगन्नाथपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतका के पति को सूचना दे दी है और वह रांची पहुंच चुके हैं।

डीएसपी हटिया पीके मिश्रा ने पुष्टि की कि मामला आत्महत्या का है, और गहन जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की पुष्टि के लिए सामाजिक और पारिवारिक पहलुओं की भी जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *