रांची के सदर अस्पताल में लगेगी अत्याधुनिक डिजिटल मेमोग्राफी मशीन, महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में रोटरी क्लब की सराहनीय पहल
रांची: महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की गई है। इस पहल के तहत 30 जून को सदर अस्पताल, रांची में अत्याधुनिक डिजिटल मेमोग्राफी मशीन – वीनस डीआरवी प्लस स्थापित की जाएगी। इस मशीन के माध्यम से महिलाओं में स्तन कैंसर की शुरुआती जांच की सुविधा सुलभ, सस्ती और सटीक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
इस परियोजना की जानकारी शुक्रवार को रोटरी क्लब द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। क्लब के प्रवक्ता प्रवीण राजगढ़िया ने बताया कि यह मशीन रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा ‘प्रोजेक्ट आरोग्यम – बैटलिंग ब्रेस्ट कैंसर’ के तहत लगाई जा रही है, जिसमें दक्षिण कोरिया के रोटरी क्लब सुवोन-नोसोंग डी-3750 का भी सहयोग मिला है। इस मशीन की कुल लागत लगभग 45 लाख रुपये है।
आयुष्मान योजना के तहत मिलेगी निःशुल्क सुविधा
रोटरी क्लब रांची के अध्यक्ष गौरव बागरॉय ने बताया कि इस मशीन की स्थापना के बाद सदर अस्पताल में स्तन कैंसर की जांच बेहद कम दरों पर उपलब्ध होगी। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल मशीन स्थापित करना नहीं, बल्कि महिलाओं में समय रहते जांच कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्तन कैंसर के प्रति सतर्क करना है।”
उद्घाटन में शामिल होंगे प्रमुख अतिथि
इस मशीन का उद्घाटन कार्यक्रम 30 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि रोटेरियन डीजी बिपिन चाचन, फर्स्ट लेडी रोटेरियन शिल्पी चाचन, और सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार शामिल होंगे। गौरव बागरॉय ने कहा कि सदर अस्पताल केवल रांची के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। इस सुविधा से हजारों महिलाओं को समय पर जांच और इलाज का लाभ मिलेगा।
क्यों जरूरी है मेमोग्राफी मशीन?
40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा ज्यादा होता है। अगर इसकी पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए, तो इलाज न केवल आसान हो जाता है बल्कि मरीज की जान भी बचाई जा सकती है। मेमोग्राफी एक ऐसी तकनीक है जो बिना किसी लक्षण के भी गांठ, ऊतक में बदलाव या असामान्यता की पहचान कर सकती है। इस मशीन की मदद से नियमित जांच के ज़रिए स्तन कैंसर की रोकथाम में बड़ी मदद मिलेगी।
वीनस डीआरवी प्लस मशीन की खासियत
- यह फुल फील्ड डिजिटल मेमोग्राफी (FFDM) तकनीक पर आधारित है।
- इसमें स्मार्ट AEC तकनीक है, जो मरीज को उसकी जरूरत के अनुसार सटीक मात्रा में X-ray डोज़ देती है।
- यह मशीन 10 सेकंड में उच्च गुणवत्ता की इमेज स्क्रीन पर प्रदान करती है।
- जांच के दौरान कम दबाव और दर्द रहित अनुभव देने के लिए इसमें विशेष कंप्रेशन पैडल्स लगे हैं।
- घने स्तन ऊतक में भी यह मशीन सटीक पहचान देने में सक्षम है।
इस पहल से जुड़े रोटेरियन
इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने में कई समर्पित रोटेरियन का योगदान रहा है, जिनमें बिपिन चाचन, सुरेश साबू, बिनोद सरावगी, रविंदर सिंह चड्ढा, सुमित अग्रवाल, रमेश धरणीधरका, ललित त्रिपाठी, पवन जायसवाल, आदित्य मल्होत्रा और राजेश नाथ शाहदेव सहित कई अन्य शामिल हैं।
यह पहल न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड में महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। रोटरी क्लब की यह कोशिश स्तन कैंसर की रोकथाम के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण कार्य करेगी।
