ग्रीजली विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में फटा बॉयलर, 5 कर्मचारी घायल, 2 की हालत गंभीर

Koderma : कोडरमा के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र स्थित ग्रीजली विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में स्टीम बॉयलर अचानक फट गया। बॉयलर फटने की तेज आवाज से पूरा परिसर दहल उठा।
इस हादसे में लॉन्ड्री यूनिट में काम कर रहे पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बॉयलर से निकले गर्म पानी और भाप की चपेट में आकर कई कर्मचारी दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायल कर्मचारी गुड्डू रजक ने बताया कि यूनिट में छात्रों और शिक्षकों की वर्दियों की धुलाई और इस्त्री का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर फट गया। धमाके से लॉन्ड्री में रखा सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद विद्यालय प्रबंधन और कर्मचारियों ने घायलों को निजी वाहन से झुमरीतिलैया के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों ने आरोप लगाया है कि स्टीम बॉयलर काफी समय से खराब था और इसकी शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे बदलने के बजाय मरम्मत कराकर इस्तेमाल जारी रखा।
विद्यालय के संचालक अविनाश सेठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कुल पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें लॉन्ड्री इंचार्ज राजेश सिंह, गुड्डू रजक, प्रमोद रजक, गौतम रजक और राजेश प्रसाद शामिल हैं। सभी घायल बिहार के गया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
