खेल

भारत-नेपाल दिव्यांगजन चैंपियन स्पिरिट कप पर भारत का कब्जा, 3-0 से किया क्लीन स्वीप

रांची। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम ने भारत-नेपाल के बीच खेली गई तीन मैचों की अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज चैंपियन स्पिरिट कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 3-0 से क्लीन स्वीप कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। तीसरे और अंतिम मुकाबले में भारत ने नेपाल को 4 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की।

नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रमजान अली की अर्धशतकीय पारी (53 रन) की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 132 रन बनाए। भारतीय टीम की ओर से सैयद शाह अजीज ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और नेपाल की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने ऑलराउंडर आकिब मालिक की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मैच को आसानी से अपने नाम कर लिया। आकिब मालिक ने मात्र 36 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें धर्मेंद्र कुमार (17 रन) का अच्छा सहयोग मिला। भारत ने 17.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आकिब मालिक को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया, जबकि शानदार गेंदबाजी के लिए सैयद शाह अजीज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बेस्ट बॉलर का खिताब शाजिद तंबोली, बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार सूवरो जोरडर और बेस्ट फील्डर का सम्मान भारत के सुखलाल अंसारी को दिया गया, जबकि नेपाल के खिलाड़ी ने भी फील्डिंग में सराहनीय योगदान दिया।

गौरतलब है कि यह अंतरराष्ट्रीय सीरीज उषा मार्टिन विश्वविद्यालय परिसर, अनगड़ा स्थित अमिताभ चौधरी क्रिकेट स्टेडियम, रांची में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा राउंड टेबल इंडिया, झारखंड विकलांग जन फोरम, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, झारखंड सरकार सहित एनटीपीसी, पीएनबी, एचपी, सीएमपीडीआई, मेघा दूध, लीड्स, सेवा सदन कोडरमा, झारक्राफ्ट, आशा, मिशन ब्लू फाउंडेशन, लोक मंगलम सोसाइटी, टेंडर हर्ट स्कूल, धुनकी, नव भारत जागृति केंद्र, केंपटी, जेनिथ सहित कई संस्थाओं के सहयोग से किया गया।

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीम को झारखंड के आईजी सीआईडी श्री असीम विक्रांत मिंज ने ट्रॉफी प्रदान की। टेंडर हर्ट विद्यालय की ओर से विजेता टीम को ₹31,000, उपविजेता को ₹25,000 और व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को ₹2,100 की प्रोत्साहन राशि दी गई।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उषा किरण झा, पंकज सोनी, अनुराधा मुंडा, हारून रशीद, भगवान तलवारे, राउंड टेबल इंडिया के आकाश खोसला, अर्पित जैन, पीयूष सरावगी, यश सिंह, आदित्य, राजेंद्र शाही मुंडा, अनिल चौधरी, रश्मि प्रिया, महताब आलम अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मैच के सफल आयोजन में मुकेश कंचन, राहुल मेहता, सरिता सिन्हा समेत आयोजन समिति के सदस्यों का अहम योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *