Home

सार्थक आर्या और सिंड्रेला दास बने यू-17 चैंपियन — पाँचवीं यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में धमाकेदार जीत


रांची, 11 दिसंबर। हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित पाँचवीं यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-17 वर्ग में गुरुवार का दिन ओडिशा के सार्थक आर्या और पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास के नाम रहा। दोनों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

लड़कों के फाइनल में ओडिशा के सार्थक आर्या ने वेस्ट बंगाल के रुपम सरकार को 11-6, 11-7, 4-11, 14-12 से पराजित कर इस सीजन का अपना दूसरा यू-17 खिताब जीता। इससे पहले वे पंचकूला में भी विजेता रहे थे। मुकाबले की शुरुआत में सार्थक ने लय पकड़ी, जबकि तीसरा गेम जीतकर रुपम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक क्षणों में सार्थक ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

लड़कियों के वर्ग में पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अविशा कर्मकार को 11-6, 11-8, 11-9 से सीधे सेटों में हराकर अपना दूसरा खिताब हासिल किया। पहली बार फाइनल में पहुंचीं अविशा को सिंड्रेला के सामने कोई मौका नहीं मिला।

सेमीफाइनल और क्वार्टरफाइनल के मुकाबले काफी रोमांचक रहे, जहाँ सार्थक, रुपम, सिंड्रेला और अविशा ने शानदार संघर्ष के बाद फाइनल में जगह बनाई।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व डीआईजी हेमंत टोप्पो, एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार, जेओए के कोषाध्यक्ष सिवेंद्र दूबे और गुजरात टीटीएस के पूर्व सचिव कुशल संठानी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जेएसटीटीए के सचिव समरजीत सिंह ने किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *