रांची

हेमंत सोरेन देश के सबसे मजबूत आदिवासी नेता : फुरकान अंसारी

रांची, 3 दिसंबर । झारखंड की मौजूदा राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूरे भारत का सबसे मजबूत और बड़ा आदिवासी नेता बताया।

बुधवार को जारी प्रेस बयान में फुरकान अंसारी ने कहा कि हेमंत सोरेन दिवंगत गुरुजी शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत के सच्चे उत्तराधिकारी हैं। गुरुजी ने संघर्ष और स्वाभिमान की राजनीति की नींव रखी थी और हेमंत सोरेन उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए अंसारी ने कहा कि भाजपा हेमंत सोरेन की लोकप्रियता और स्थिर सरकार से परेशान है, इसलिए लगातार राजनीतिक भ्रम और अफवाह फैलाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर हाल में सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। भाजपा को झारखंड के आदिवासी स्वाभिमान से डर लगता है। वह जनादेश का अपमान कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने झारखंड का वैध बकाया रोक रखा है, जबकि गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में हजारों करोड़ के पैकेज वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे संघीय ढांचे पर हमला और राजनीतिक दबाव की नीति बताया।

अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद ऐतिहासिक वापसी की है और राज्य को स्थिर, संवेदनशील और जवाबदेह सरकार दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान उन्होंने और गुरुजी शिबू सोरेन ने साथ मिलकर संघर्ष किया था और राज्य के हक व अस्मिता की लड़ाई आज भी जारी है। आदिवासी समाज अपना हक लड़कर लेता है, भीख नहीं मांगता।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य पहचान और सम्मान की लड़ाई से बना है और इसे कमजोर करने की किसी भी साजिश का मुकाबला किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *