पूर्वी सिहंभूमि

स्वास्थ्य मंत्री ने सदर अस्पताल में ली ओपीडी, मरीजों के लिए लिखी दवाएं

पूर्वी सिंहभूम, 3 दिसंबर । स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी बुधवार को परसुडीह स्थित सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने एक दिन के लिए डॉक्टर की भूमिका निभाई। स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वे ओपीडी कक्ष में बैठ गए और मरीजों की जांच कर दवाइयां लिखते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री के इस कदम से मरीज काफी उत्साहित और संतुष्ट दिखे। अस्पताल पहुंचे मरीजों ने कहा कि इससे स्वास्थ्य विभाग के प्रति विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश मिलता है।

उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर स्वच्छता, उपलब्ध संसाधन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस दौरान पोटका विधायक संजीव सरदार, सिविल सर्जन डॉ साहिर पॉल सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी उनके साथ मौजूद थे।

मौके पर मंत्री ने कहा कि जिले को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जाएगा। साथ ही कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों को हाईटेक और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे निजी अस्पतालों के भरोसे न रहें, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में अब हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इस दारौन उन्‍होंने सदर अस्पताल परिसर में बने 100 बेड के प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल का भी उद्घाटन किया। इससे पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। जल्द ही यहां विशेष मातृ-शिशु चिकित्सा यूनिट और आपातकालीन सेवाओं को भी और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *