सिद्धार्थ इंटरनेशनल अकादमी में भव्य फुटबॉल मैच का आयोजन : अंडर-17 भारतीय महिला टीम की सदस्य दिव्यानी लिंडा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
रांची : ग्रामीण इलाकों में फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्धार्थ इंटरनेशनल अकादमी में मां वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा एक दिवसीय भव्य फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंडर-17 भारतीय महिला फुटबॉल टीम की सदस्य दिव्यानी लिंडा, राष्ट्रीय खिलाड़ी राखी कुमारी और कोच एनवारूल हक शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल के अध्यक्ष ए.के. तिवारी, सचिव जनार्दन पाठक, निदेशक आशुतोष द्विवेदी, प्राचार्या दीपा सिन्हा, उप-प्राचार्य शैलेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि दिव्यानी लिंडा ने खिलाड़ियों को अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के बल पर देशभर में अपना परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने युवा फुटबॉलरों को सफलता के लिए मेहनत, हिम्मत और अनुशासन को सबसे अहम बताया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को फुटबॉल से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उनके साथ एक मैत्री मैच भी खेला।
कार्यक्रम के तहत सिद्धार्थ इंटरनेशनल फुटबॉल क्लब और यंगर क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला आयोजित हुआ, जिसमें सिद्धार्थ इंटरनेशनल फुटबॉल क्लब ने यंगर क्लब को 2–1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के बाद सभी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही “वैष्णवी खेल सम्मान समारोह” के तहत फुटबॉल को बढ़ावा देने में योगदान देने वाली संस्थाओं, स्कूलों और क्लब के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल थे—
- ममता कुमारी, रेणु कुमारी (अपग्रेडेड मिडिल स्कूल)
- अप गिरी हाई स्कूल की प्राचार्य रेणु कुमारी, सुनैना कुमारी
- किसान हाई स्कूल के राजेश कुमार
- धनंजय कुमार (संघमित्रा बी.एड कॉलेज)
- सतेंद्र कुमार (पंचायत समिति सदस्य)
- फूल कुमारी (उप मुखिया) सहित कई अन्य लोग
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सिद्धार्थ इंटरनेशनल अकादमी के टेकलाल कुमार, रिशु कुमार, स्वेता कुमारी, रोहित महतो, सतरजीत, विमला, मंजू, किरण, पुष्पा, इंद्रजीत सहित कई शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जानकारी अमन ने दी।
