वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 : रांची के अखलाक खान ने चमकाया भारत का नामडेड लिफ्ट में गोल्ड
रांची : श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 25 से 30 नवंबर तक आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में रांची के कांके निवासी अखलाक खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश, झारखंड और रांची का मान बढ़ाया। 94 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला कर रहे अखलाक ने डेड लिफ्ट में स्वर्ण पदक और फुल पावरलिफ्टिंग में रजत पदक अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 40 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
अखलाक खान का यह सफर आसान नहीं रहा। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अखलाक के पास प्रतियोगिता तक पहुंचने के लिए आर्थिक संसाधन नहीं थे। उन्होंने राज्य सरकार, पब्लिक सेक्टर और प्राइवेट सेक्टर की कई संस्थाओं से मदद की गुहार लगायी, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। एक समय ऐसा आया जब वे लगभग हार मान चुके थे। इसी दौरान कुछ शुभचिंतकों ने आगे बढ़कर उनका हौसला बढ़ाया और सामूहिक सहयोग से जरूरी राशि जुटाकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।
अखलाक ने भी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विश्व पटल पर देश और झारखंड का परचम लहरा दिया। उनके प्रदर्शन से रांची ही नहीं, पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व की लहर है।
