पलामू

रसोइया के पति को मा’रने की थी योजना, पारा शिक्षक सहित चार गिरफ्तार

Palamu : झारखंड के पलामू जिले में 55 वर्षीय सरकारी स्कूल के पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा ने अपनी रसोइया के पति की हत्या की साजिश रची। पारा शिक्षक लंबे समय से रसोइया पर दबाव डाल रहा था। रसोइया ने इस मामले की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद पारा शिक्षक और रसोइया के पति के बीच विवाद हुआ।

पुलिस को सूचना मिली कि पारा शिक्षक शूटरों के साथ मिलकर हत्या करने वाला है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा और शूटर राजवंश परहिया, राजू साव और मंटू कुमार परहिया को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और दो चाकू बरामद किए। सभी आरोपी पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदिली के कुंडौली के रहने वाले हैं।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पारा शिक्षक ने 40 हजार रुपये देकर हत्या की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार शूटर राजवंश परहिया रसोइया के पति को गोली मारने वाला था, जबकि अन्य आरोपियों ने चाकू से हमला करना था। एसपी ने बताया कि सत्यदेव विश्वकर्मा झोलाछाप डॉक्टर का भी काम करता है और रसोइया पर लगातार दबाव डाल रहा था।

एसपी ने यह भी बताया कि राजवंश परहिया पहले डकैती के मामले में जेल जा चुका है और उसकी उम्र 50 से अधिक है। पूरे मामले की जांच में छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव, थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *