रांची : हेमंत सरकार के एक साल पर भाजपा का प्रहार—मरांडी बोले, “वादे अधूरे, घोटाले पूरे”, जनता से सतर्क रहने की अपील
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि सरकार जनता से किए गए वादों पर खरी नहीं उतरी और एक साल में विकास का कोई ठोस परिणाम नजर नहीं आया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हेमंत सरकार का ‘एक वोट, सात गारंटी’ का वादा पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किए गए अधिकांश वादे आज भी कागजों से बाहर नहीं निकल पाए हैं।
स्थानीय नीति और सरना धर्म कोड पर सरकार घिरी
मरांडी ने कहा कि 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू करने का वादा सिर्फ घोषणा बनकर रह गया। आदिवासी समुदाय से जुड़े सरना धर्म कोड पर भी कोई प्रगति नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषा, संस्कृति और परंपराओं की सुरक्षा की बात कर सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
महिला, गरीब और किसानों के हितों की अनदेखी—भाजपा
मरांडी ने मंईयां सम्मान योजना की भी आलोचना की। उनका कहना है कि योजना का लाभ हजारों महिलाओं तक नहीं पहुंच पाया।
गरीबों के लिए 450 रुपये में गैस सिलेंडर और प्रति व्यक्ति 7 किलो अनाज देने का वादा भी आधा-अधूरा ही रहा।
उन्होंने कहा कि किसान भी सरकार के रवैये से निराश हैं। किसानों को 3,200 रुपये समर्थन मूल्य देने की घोषणा कई जिलों में लागू ही नहीं हो पाई।
युवाओं को नौकरी देने का वादा भी अधूरा
भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार ने 10 लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की थी, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी रोजगार की स्थिति जस की तस है।
नए डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलने की दिशा में भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मरांडी का कहना है कि युवाओं को रोजगार और शिक्षा के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिले हैं, जमीन पर काम नहीं दिखा।
कई विभागों में घोटालों का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर बड़े स्तर के घोटालों के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि शराब बिक्री, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा, आधार परियोजना, डीएमएफटी फंड, मनपावर सप्लाई, गृह विभाग टेंडर, स्पोर्ट्स किट, भवन निर्माण और स्वास्थ्य विभाग—लगभग सभी महत्वपूर्ण विभाग भ्रष्टाचार की चपेट में हैं।
मरांडी ने दावा किया कि आदिवासी, विशेषकर आदिवासी महिलाएं, इस सरकार में सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं।
भाजपा ने हेमंत सरकार को बताया “ठगुआ सरकार”
भाजपा ने हेमंत सरकार को “ठगुआ सरकार” करार देते हुए कहा कि जनता को सावधान रहने की जरूरत है। मरांडी ने कहा कि सरकार जनता से भरोसा लेकर सत्ता में आई थी, लेकिन पिछले एक साल में लोगों का विश्वास तेजी से टूटता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाएगी और जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
हेमंत सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर भाजपा और सत्ता पक्ष के बीच राजनीतिक हमलों की तीख़ी शुरूआत हो चुकी है, जिससे स्पष्ट है कि आने वाले दिन राज्य की राजनीति को और गरमाने वाले हैं।
