Home

गोड्डा से बाइक टोरी कर खपा देता था दियारा में, पुलिस ने गिरोह के सरगना को दबोचा

Godda : गोड्डा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कप्तान मुकेश कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मेहरमा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक का नाम दीपक कुमार (21) है। वह भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा गांव का रहने वाला है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि दीपक चोरी की बाइक अपने घर में छिपाकर रखता है। सूचना की पुष्टि होने पर एसपी ने एक विशेष छापामारी टीम बनाई। टीम ने रेड मारी और दीपक को धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोड्डा और साहेबगंज के कई हटिया-बाजारों से बाइक चोरी करता था। चोरी की गई बाइक को वह बिहार के भागलपुर जिले के दियारा इलाके में बेच देता था।

दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न मामलों में चोरी हुई कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इनमें हीरो डीलक्स, हीरो ग्लैमर, स्प्लेंडर प्लस और टीवीएस अपाची जैसी बाइकें शामिल हैं। सभी बाइक अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। गिरफ्तार दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर मेहरमा और ललमटिया थाना क्षेत्रों में दर्ज कई केस पहले से चल रहे हैं। इन सभी मामलों में मोटरसाइकिल चोरी की ही एफआईआर दर्ज है। पुलिस अब चोरी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *