गढवा

बिहार में वोट चोरी कर सरकार बनाई गई : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

Garhwa : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली बड़ी जीत पर झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एक दिवसीय दौरे पर गढ़वा पहुंचीं, जहां उन्होंने मीडिया से बात की।

बिहार चुनाव पर मंत्री की प्रतिक्रिया

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की हार का सबसे बड़ा कारण SIR प्रक्रिया के दौरान 65 लाख वोटरों के नाम कट जाना रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले SIR लागू कर बड़ी संख्या में वोट हटाए गए, जिससे परिणाम प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा- “हमारे नेता राहुल गांधी पहले ही बता चुके थे कि वोट की हेराफेरी कैसे होती है, और अब यह साबित हो गया। बिहार में वोट चोरी कर सरकार बनाई गई है।”

केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना

मंत्री ने कहा कि SIR चुनाव आयोग की प्रक्रिया है और इसका विरोध नहीं किया जा रहा, बल्कि मांग यह है कि इसे सही तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के दबाव में चुनाव आयोग काम कर रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।

गढ़वा में विकास को लेकर बयान

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गठबंधन सरकार में राज्य के हर जिले में विकास कार्य होंगे। उन्होंने दावा किया कि गढ़वा की भी तस्वीर बदल रही है। गढ़वा पहुंचने पर मंत्री ने श्री बंशीधर भगवान का दर्शन किया और राज्य की खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *