रांची

जम्मू में चमकी झारखंड की जया, राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता कांस्य


रांची/जम्मू: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में जम्मू में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड की जया कुमारी शाह ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रौशन किया। प्रतियोगिता 15 से 19 नवंबर तक भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई।

अंडर-19 बालिका वर्ग के 49 किलोग्राम भारवर्ग में जया ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत DAV CMC को 2-0 से हराकर की। इसके बाद दूसरे मुकाबले में CISCE की खिलाड़ी को 2-0 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में तेलंगाना पर 2-0 की जीत दर्ज कर जया सेमीफाइनल में पहुँचीं। सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की खिलाड़ी से उनका मुकाबला तय समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा, लेकिन निर्णायक राउंड में कड़े संघर्ष के बाद वे मामूली अंतर से हार गईं। इसके बावजूद उन्होंने झारखंड के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया।

जया की इस सफलता पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस भारवर्ग में यह झारखंड का तीसरा पदक है, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य की बेटियाँ ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

जया को उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, राज्य खेल कोषांग के सदस्य, राज्य ताइक्वांडो संघ के कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल कुमार, महासचिव संजय शर्मा, उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह, कोच रमेश गिरी, टीम मैनेजर सुषमा टोप्पो एवं एम. मोदस्सर सहित सभी पदाधिकारियों ने बधाई दी है। सभी ने जया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *