Home

राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता कल से शुरू, 24 जिलों के 1152 खिलाड़ी और 144 कोच-मैनेजर होंगे शामिल


रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 18 नवंबर से खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड में होगा। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 18 से 20 नवंबर 2025 तक चलेगी, जिसमें अंडर-14 बालिका, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता की भव्यता का अंदाज़ इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें राज्य के सभी 24 जिलों से 1152 फुटबॉल खिलाड़ी तथा 144 कोच और मैनेजर हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों की बड़ी संख्या राज्य में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुचि और प्रतिस्पर्धा को दर्शाती है।

साइक्लिंग ट्रैक का ओपन ट्रायल भी 18 नवंबर को

फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ-साथ 18 नवंबर को साइक्लिंग ट्रैक का ओपन ट्रायल भी आयोजित किया जाएगा। इस ट्रायल में राज्यभर के साइक्लिंग खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिसे आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए प्रतिभा चयन का अवसर माना जा रहा है। इस पहल से राज्य में खेलों की विविधता और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर बढ़ेंगे।

तैयारियाँ पूरी

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सभी जिलों से आए कोच और मैनेजरों के साथ विशेष बैठक कर खिलाड़ियों की देखभाल, सुरक्षा, अनुशासन और समयबद्ध आयोजन को सुनिश्चित किया गया है।
खिलाड़ियों और टीम प्रबंधकों के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *