पश्चिमी सिंहभूम में जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप संपन्न
पश्चिमी सिंहभूम, 17 नवंबर । स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन, चाईबासा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 5वीं जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का समापन सोमवार को संत जेवियर वेलफेयर सेंटर के सामुदायिक भवन में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 225 पुरुष और महिला कराटेकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष सेंसई पंकज कुमार ने किया।
समापन समारोह में ओलंपिक एसोसिएशन पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के अध्यक्ष नितिन प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अलावा वरीय उपाध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, नीरज संदवार, जपान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष इरशाद अली, संत मेरी पब्लिक स्कूल के निदेशक आफताब आलम, चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स के विवेक सिन्हा, समाजसेवी विष्णु भूत, खेल प्रशिक्षक अर्जुन माहकुड़, समाजसेवी राजू यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि नितिन प्रकाश ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और पराजित खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में एसआर रुंगटा समूह, चाईबासा और गृह लक्ष्मी सेल्स एंड मार्केटिंग, आदित्यपुर का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के दौरान जज और अधिकारियों के रूप में सेंसई निरंजन कुमार दास, राजा घोष, रवि मछुवा, अंशु विश्वकर्मा, साहिल पासवान, स्नेहा सिंह, मानसिंह बानरा, मनजीत सिंह बोईपाई, वीणा मुंडा, सावन मोहंती, सरस्वती तियु, ऋतिक देवगम, देवाशीष खंडाईत का योगदान सराहनीय रहा।
