बिहार चुनाव में हार के बाद पहली बार सामने आएंगे तेजस्वी, RJD की कल होगी बैठक

Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अब अपने प्रदर्शन की समीक्षा करने जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को पार्टी के सभी प्रत्याशियों और निर्वाचित विधायकों की अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तेजस्वी यादव चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार पार्टी नेताओं के सामने आएंगे।
बैठक की अध्यक्षता स्वयं तेजस्वी यादव करेंगे। इसमें चुनावी नतीजों की विस्तृत समीक्षा, हार के पीछे की वजहों पर चर्चा और पार्टी संगठन में सुधार की संभावनाओं पर बात होगी। माना जा रहा है कि तेजस्वी इस दौरान नेताओं से फीडबैक लेंगे और आने वाले समय के लिए नई रणनीति बनाने पर जोर देंगे।
पार्टी के अंदर और बाहर दोनों ही जगह इस बैठक को लेकर उत्सुकता है, क्योंकि RJD की यह पहली आधिकारिक चर्चा है जिसमें हार के बाद की दिशा और नेतृत्व की भूमिका पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
