रांची सहित 11 जिलों में 17 नवंबर तक चलेगी शीतलहर
रांची, 14 नवंबर । झारखंड में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। पारा भी तेजी से नीचे लुढ़क रहा है। मौसम विभाग ने झारखंड के रांची सहित 11 जिलों में 17 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है, इनमें रांची सहित गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़ और हजारीबाग शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में खूंटी का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। रांची का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा है लेकिन हिनू में पारा 9.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। खूंटी के बाद सिमडेगा में 7.3, डाल्टनगंज में 9.3, लोहरदगा में 9.7, हजारीबाग में 9.9 और पश्चिमी सिंहभूम में 10.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है। खास बात है कि, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंड लगने से फ्लू हो सकता है। नाक से पानी आ सकता है। नाक से खून भी आ सकता है। ब्लड प्रेशर भी बढ़ने की संभावना रहती है। इसलिए खासकर बच्चों और बुर्जुगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
