पूर्वी सिहंभूमि

हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी के समय सुधार की मांग पर चाईबासा चेंबर चलाएगा जन आंदोलन

पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिला में हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के समय पर संचालन की मांग को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जन आंदोलन चलाने का निर्णय शुक्रवार को लिया है। यह फैसला चेंबर की द्वितीय बैठक में लिया गया, जो द हॉट रेस्टोरेंट में आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता चेंबर के संस्थापक सह अध्यक्ष अनूप कुमार सुल्तानिया ने की। बैठक में तय किया गया कि चेंबर का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपेगा। यदि इसके बावजूद जनशताब्दी एक्सप्रेस के संचालन में सुधार नहीं हुआ, तो चेंबर व्यापक जन आंदोलन करेगा। अनूप सुल्तानिया ने कहा कि यह आंदोलन वर्ष 2003 के रेल आंदोलन से भी बड़ा और प्रभावशाली होगा।बैठक में कार्यसमिति के सभी सत्रह सदस्यों को सदस्यता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। यह निर्णय भी लिया गया कि नए सदस्यों के लिए नियमावली और सदस्यता शुल्क की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

चेंबर के सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि 11 नवंबर 2025 को प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय स्टेट बैंक, चाईबासा शाखा प्रबंधक से मुलाकात कर जिले में रेज़गारी, नए नोटों की कमी और फटे-पुराने नोटों की समस्या को लेकर एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चेंबर ट्रस्ट का 25 लाख रुपये का एक फिक्स्ड डिपॉजिट, जो एचडीएफसी बैंक में था, ट्रस्ट के आजीवन ट्रस्टियों की ओर से अनुचित रूप से तोड़कर धनराशि दूसरे बैंक में ट्रांसफर की गई। इस मामले में 12 नवंबर 2025 को अध्यक्ष सुल्तानिया के नेतृत्व में नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बैंक प्रबंधक से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी मांगी और यह स्पष्ट किया कि यह धनराशि ट्रस्ट की है, जिसे किसी भी स्थिति में वापस लिया जाएगा।

शहर की स्वच्छता और ट्रैफिक समस्या पर भी चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि चेंबर का एक प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद प्रशासक से मिलकर गंदगी और कचरे की समस्या सहित ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपेगा। वरिष्ठ नागरिकों के आधार कार्ड बनवाने में आ रही कठिनाइयों के समाधान के लिए प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम से भी मुलाकात करेगा।

बैठक में चक्रधरपुर क्षेत्र से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तृत विमर्श किया गया। संयुक्त सचिव मनोज जिंदल ने इस संबंध में बैठक को विस्तृत जानकारी दी।बैठक का संचालन सचिव दीपक शर्मा ने किया।

कार्यसमिति के 17 में से 15 सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रथम अध्यक्ष विमल शर्राफ, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मुंदड़ा और सुनील दोदराजका, सचिव दीपक शर्मा, संयुक्त सचिव विमान कुमार पाल और मनोज जिंदल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र मद्धेशिया सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप कुमार सिंह, संजय दोदराजका, गोपेश प्रधान, मनीष कुमार सिंह, आशीष पांडे, रितेश (पिंटू) कुमार और मनीष पसारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *