बिहार चुनाव में राजग की जीत पर जमशदुपर में जदयू कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर । बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( राजग) की प्रचंड जीत की खुशी में जमशेदपुर में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्सव मनाया और अक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं।
शहर के बिष्टुपुर स्थित विधायक सरयू राय के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में जदयू नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने उत्साहपूर्वक एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया और बिहार में मिली प्रचंड जीत को जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
विधायक सरयू राय ने भी सभी कार्यकर्ता और समर्थकों को लड्डू खिलाकर विजय की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजग की यह ऐतिहासिक जीत सुशासन, विकास और जनहित की नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ऊर्जा आगे भी संगठन को मजबूत बनाने में मदद करेगी।
उत्सव कार्यक्रम में जदयू झारखंड प्रदेश के युवा अध्यक्ष निर्मल सिंह, झारखंड प्रदेश महासचिव कौशल सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जदयू नेता आशुतोष राय, अंजली सिंह, संजय ठाकुर, जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सहित कई अन्य नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
