रांची

घाटशिला उपचुनाव: 2.55 लाख मतदाता चुनेंगे नया विधायक, मतदान की सभी तैयारियां पूरी

रांची, 10 नवंबर । झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। 11 नवंबर को मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मुख्य़ निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान केंद्र पहुंच कर मतदान अवश्य करें।

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2,55,820 है। इसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या एक लाख 24 हजार 899, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 30 हजार 921 है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या तीन है। कुल मतदान केंद्रों की संख्या 300 है

मतदान पर कड़ी निगरानी के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय से वेबकास्टिंग के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी।

दरअसल, झारखंड राज्य के गठन के बाद घाटशिला में हुए पांच चुनावों में इस सीट पर कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार जीत हासिल कर चुके हैं। 2005 में कांग्रेस के प्रदीप बलमुचू ने बाजी मारी थी, जबकि 2009 में रामदास सोरेन ने झामुमो के टिकट पर जीत दर्ज की थी। 2014 में भाजपा के लक्ष्मण टुडू ने झामुमो को पराजित किया, लेकिन 2019 और 2024 के चुनावों में रामदास सोरेन ने वापसी करते हुए लगातार दो बार जीत हासिल की।

घाटशिला का उपचुनाव भाजपा और झामुमो दोनों के लिए अहम है। इसकी वजह यह है कि 2000 के चुनाव में 28 एसटी आरक्षित सीटों में से 14 पर कब्जा करने वाली भाजपा के पास अब केवल एक एसटी सीट है। 2024 के चुनाव में महागठबंधन से झामुमो ने 20 एसटी सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने सात सीटें जीतीं, जिससे भाजपा के अरमानों में पानी फिर गया था। झामुमो इस बार भी अपनी मजबूत स्थिति को बनाए रखने के लिए प्रयासरत है।

भाजपा ने 2024 के चुनाव में चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह रामदास सोरेन से हार गए थे। इस बार फिर से भाजपा ने बाबूलाल सोरेन पर दांव लगाया है।

चुनावी मुकाबले में ये 13 उम्मीदवार

1. परमेश्वर टुडू (निर्दलीय) 2. श्रीलाल किस्कू (निर्दलीय) 3. बाबूलाल सोरेन (भाजपा) 4. सोमेश चंद्र सोरेन (झामुमो)5. पार्वती हांसदा (पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया – डेमोक्रेटिक) 6. मनसा राम हांसदा (निर्दलीय) 7. नारायण सिंह (निर्दलीय) 8. विकास हेम्ब्रम (निर्दलीय) 9. पंचानन सोरेन (भारत आदिवासी पार्टी – बीएपी) 10. बसंत कुमार टोपनो (निर्दलीय) 11. रामदास मुर्मू (जेएलकेएम) 12. मनोज कुमार सिंह (निर्दलीय) 13. रामकृष्ण कांति महाली (निर्दलीय)

मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी ऑपरेशन) सह राज्य पुलिस नोडल अधिकारी डॉ. एस माइकल राज ने बताया कि 16 कंपनी बल तैनात किया गया है। इसमें 10 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। लगभग 1,280 जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *