Home

अब जनता ही तय करेगी झारखंड की दिशा और दशा : जयराम महतो

पूर्वी सिंहभूम, 9 नवंबर । झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रामदास मुर्मू के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन में हर परिवार का बलिदान शामिल है, लेकिन आज झारखंड की राजनीति कुछ परिवारों के हाथों में सिमटकर रह गई है।

जयराम महतो ने कहा कि झारखंड की माटी ने शहीदों का खून देखा है, इसलिए अब समय आ गया है कि झारखंडियों को उनका अधिकार और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान के लोगों को झारखंड में नौकरियां और यूपी-बिहार के लोगों को ठेकेदारी मिल रही है, जबकि झारखंड के युवा मामूली नौकरियों के लिए दूसरे राज्यों में भटक रहे हैं।

महतो ने कटाक्ष करते हुए कहा, “हमने झारखंड झाल बजाने के लिए नहीं लिया है, बल्कि झारखंडियों के अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए लिया है।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वच्छ, ईमानदार और काम करने वाले युवा प्रतिनिधि को चुनें ताकि सदन में झारखंड की असली आवाज गूंज सके।

अपने बेबाक अंदाज में जयराम महतो ने कहा, “अब वह दौर खत्म हो चुका है जब राजमाता अपने पुत्र को राजा घोषित करती थी और जनता ताली बजाती थी। आज जनता ही राजा है, और वोट उसका सबसे बड़ा हथियार है।

उन्होंने कहा कि जब वे सदन में जनता की समस्याएं उठाते हैं तो दो-दो मंत्रियों को जवाब देने में पसीना आ जाता है — यही लोकतंत्र की असली ताकत है।

इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, निखिल महतो, तापस महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। लोगों ने जयराम महतो के विचारों का समर्थन करते हुए जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष में मतदान का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *