किशनगंज की सभा में राहुल गांधी ने साधा निशाना— मोदी सरकार सिर्फ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम कर रही
किशनगंज। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के किशनगंज में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी के खून में नफरत है। वे लोगों को बांटना चाहते हैं, नफरत फैलाना चाहते हैं। मेरे खून में मोहब्बत और भाईचारा है। मैं हिंदुस्तान को जोड़ना चाहता हूं। यही फर्क है, यही लड़ाई है।”
विचारधारा की सीधी लड़ाई : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि इस समय देश में दो विचारधाराओं के बीच सीधी लड़ाई चल रही है — एक तरफ भाजपा और आरएसएस की विचारधारा है, जो समाज में डर और घृणा फैलाकर सत्ता में बने रहना चाहती है, और दूसरी तरफ ‘इंडिया’ गठबंधन की विचारधारा है, जो देश को जोड़ने और भाईचारे को मजबूत करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को विभाजित कर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है।
“अदाणी को जमीन, किसानों को नहीं मौका”
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बिहार आकर कहते हैं कि राज्य में उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं है, लेकिन अदाणी को जमीन दी जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक भी फूड प्रोसेसिंग यूनिट नहीं है, जबकि यहां के किसानों में अपार संभावनाएं हैं।
बिहार की शिक्षा परंपरा पर भी बोले
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार कभी ज्ञान और शिक्षा का केंद्र था। नालंदा विश्वविद्यालय दुनिया का सबसे प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान था, जहां विदेशों से विद्यार्थी पढ़ने आते थे। उन्होंने कहा, “आज वही बिहार बेरोजगारी, गरीबी और पलायन के लिए जाना जाता है, जो अत्यंत दुखद है।”
“कुछ उद्योगपतियों को ही लाभ”
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में केवल कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम हुआ है, जबकि आम जनता की स्थिति लगातार खराब हुई है। उन्होंने कहा, “वे कहते हैं ‘सबका साथ, सबका विकास’, लेकिन सच्चाई यह है कि उनका ध्यान केवल कुछ लोगों के विकास पर है।”
“बिहार की जनता देगी जवाब”
राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि बिहार की जनता इस बार भाजपा और राजग को करारा जवाब देगी और ‘इंडिया’ गठबंधन को भारी समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग समझ चुके हैं कि विकास केवल नारों से नहीं, बल्कि नीयत और नीतियों से होता है।
