रांची

वर्ल्ड कप बाउलिंग में झारखंड के दिनेश कुमार ने रचा इतिहास, जीता रजत पदक

पहले भारतीय और झारखंड के पहले खिलाड़ी बने, जिन्होंने वर्ल्ड कप में पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का मान

रांची। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित वर्ल्ड कप बाउलिंग प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ी दिनेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। दिनेश न केवल इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने, बल्कि झारखंड से भी यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

दिनेश कुमार ने सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान मलेशिया को 5-5 और 7-6 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उनका मुकाबला इंग्लैंड के खिलाड़ी से हुआ, जहां उन्हें कड़े संघर्ष में 1-7 और 2-7 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने रजत पदक जीतकर पूरे भारत और झारखंड का नाम रोशन किया।

वहीं महिला वर्ग में झारखंड की रूपा रानी तिर्की ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला सिंगल्स में छठा स्थान प्राप्त किया।

भारत की ओर से दिनेश कुमार और रूपा रानी तिर्की के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने इस वर्ल्ड कप में कुल रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता में मलेशिया, भारत, ऑस्ट्रेलिया, हांगकांग, चीन, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, वेल्स, कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों की टीमें शामिल थीं।

पदक विजेता दिनेश कुमार की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आर. के. आनंद, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और भारतीय बाउलिंग टीम के पूर्व कोच एवं प्रशिक्षक डॉ. मधुकांत पाठक ने बधाई दी।

राज्यभर के खेलप्रेमियों ने भी दिनेश कुमार और रूपा रानी तिर्की की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *