रणजी ट्रॉफी: झारखंड की शानदार जीत, नागालैंड पर एक पारी और 196 रन से बड़ी जीत
रांची : जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले में झारखंड ने नागालैंड को एक पारी और 196 रन के विशाल अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ झारखंड ने पूरे छह अंक अपने नाम किए।
पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने के बाद झारखंड के गेंदबाजों ने दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया। नागालैंड की टीम झारखंड के स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी और लंच से पहले ही उनकी दूसरी पारी 160 रन पर सिमट गई। नागालैंड की ओर से जोनाथन रोंगेसेन ने 50 रन और हेम बहादुर छेत्री ने नाबाद 33 रन की पारी खेली।
झारखंड की ओर से अनुकूल रॉय ने एक बार फिर बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मात्र 35 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि मनीषी ने 62 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। अनुकूल रॉय ने मैच में कुल 13 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
झारखंड टीम के कोच और खिलाड़ियों ने इस शानदार जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और आगे के मुकाबलों में भी यही लय बरकरार रखने का प्रयास रहेगा।
