पूर्वी सिहंभूमि

बाबूलाल के AI वीडियो से गरमाया घाटशिला उपचुनाव, BJP ने की सख्त कार्रवाई की मांग

Jamshedpur: भाजपा ने चुनाव आयोग से AI वीडियो पर कार्रवाई की मांग की है। घाटशिला उपचुनाव के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। भाजपा ने अपने इलेक्शन एजेंट के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला को पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा AI का अवैध इस्तेमाल किया जा रहा है।

भाजपा का आरोप है कि फेसबुक पर साझा किए गए वीडियो और पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह AI-जनित सामग्री है, जो चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन है।

जिला प्रशासन के मीडिया कोषांग ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें कहा गया है कि प्रचार सामग्री में AI-जनित या डिजिटल रूप से परिवर्तित तस्वीर, ऑडियो या वीडियो का उपयोग करते समय इसे स्पष्ट रूप से “AI-Generated” या “Synthetic Content” के रूप में दिखाना आवश्यक है। दृश्य सामग्री में यह घोषणा कम से कम 10% हिस्से में और ऑडियो सामग्री में शुरुआत के 10% समय में बोलकर बताना अनिवार्य है। सामग्री में निर्माता या जिम्मेदार संस्था का नाम भी होना चाहिए। किसी व्यक्ति की पहचान, आवाज़ या रूप को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार राजनीतिक दलों को सभी AI-जनित सामग्रियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना होगा, जिसमें निर्माता का विवरण और टाइमस्टैम्प शामिल होना चाहिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर सत्यापन किया जा सके। साथ ही किसी भी प्रचार सामग्री को प्रसारित करने से पहले एमसीएमसी कोषांग से प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *