रांची में फिर जगेगा हॉकी का जुनून, 28 दिसंबर से शुरू होगी हीरो हॉकी इंडिया लीग
महिला लीग के सभी मुकाबले रांची में, पुरुष लीग चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में खेले जाएंगे
रांची, 28 अक्टूबर । रांची एक बार फिर हॉकी के रोमांच से सराबोर होने को तैयार है। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) का आयोजन इस बार 28 दिसंबर 2025 से 26 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। लीग के मैच तीन शहरों — चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर — में खेले जाएंगे।
इस बार लीग में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग मुकाबले होंगे। महिला हॉकी इंडिया लीग का पूरा आयोजन रांची में किया जाएगा, जो 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक चलेगा। वहीं, पुरुष हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले तीन चरणों में होंगे — 3 से 9 जनवरी तक चेन्नई में, 11 से 16 जनवरी तक रांची में और 17 से 26 जनवरी तक भुवनेश्वर के प्रसिद्ध कलिंग स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इस आयोजन को लेकर झारखंड की राजधानी में उत्साह का माहौल है। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर की मेजबानी करने जा रहा है। रांची में महिला लीग के दौरान देशभर की स्टार खिलाड़ी मैदान में उतरेंगी, वहीं पुरुष लीग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
हॉकी इंडिया लीग की टीमें इस बार होंगी:
रांची रॉयल्स, तमिलनाडु ड्रैगन्स, हैदराबाद तूफान, JSW सूरमा हॉकी क्लब, श्राची रारह बंगाल टाइगर्स (डिफेंडिंग चैंपियंस), वेदांता कलिंग लांसर्स, SG पाइपर्स और HIL गवर्निंग काउंसिल।
झारखंड सरकार और हॉकी इंडिया इस आयोजन को लेकर विशेष तैयारियों में जुटी है। खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्टेडियम सुविधाओं, और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रांची में यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक उत्सव होगा, बल्कि झारखंड की खेल राजधानी की पहचान को और मजबूत करेगा।
