झारखंड में मेट्रो सेवा शुरू करने के लिए नगर विकास मंत्री ने केंद्र से की सहयोग की मांग
रांची: झारखंड के शहरी विकास को नई गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पटना में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर झारखंड के प्रमुख शहरों, खासकर रांची में मेट्रो सेवा शुरू करने के लिए केंद्र से सहयोग की मांग की है.
पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया कि झारखंड में शहरीकरण की प्रक्रिया तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुरूप शहरी बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विकास नहीं हो पाया है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की वर्तमान परिवहन प्रणाली बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को संभालने में असमर्थ साबित हो रही है.
शहरी स्थायित्व को मजबूत करने की अपील
मंत्री ने केंद्र से झारखंड में शहरी स्थायित्व और टिकाऊ बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए विशेष सहयोग की अपील की है. उनका कहना है कि यदि केंद्र का सहयोग मिलता है, तो राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाएं और अधिक प्रभावशाली ढंग से लागू की जा सकेंगी.
मंत्री ने मेट्रो परियोजना को झारखंड के शहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे प्रमुख शहरों में मेट्रो नेटवर्क की तत्काल आवश्यकता है.
नए रोजगार के अवसरों की संभावना
यह पत्र ऐसे समय में लिखा गया है, जब केंद्र सरकार अविकसित राज्यों की अधोसंरचना योजनाओं को गति देने पर काम कर रही है. मंत्री ने कहा कि अगर झारखंड सरकार की मांग स्वीकार की जाती है, तो राज्य में न केवल यातायात की सुविधा में सुधार होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे.
अब यह देखा जाएगा कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर कब सकारात्मक निर्णय लेती है, ताकि झारखंड के शहरी विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके.
