5वीं इंडियन ओपन अंडर23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के सदानंद और रोशन ने जीता रजत
झारखंड की झोली में आए दो रजत पदक, राज्य के खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि

रांची : तेलंगाना के हनुमकोंडा स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रही 5वीं इंडियन ओपन अंडर23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन किया है।
राज्य के सदानंद कुमार और रौशन कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन से झारखंड की झोली में दो रजत पदक डाले हैं।
सदानंद ने 100 मीटर दौड़ में मारी बाजी
हजारीबाग के प्रतिभाशाली धावक सदानंद कुमार ने 100 मीटर रेस में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10.56 सेकंड में फिनिश लाइन पार कर रजत पदक अपने नाम किया।
उनकी रफ्तार ने दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
रौशन ने रेस वॉक में दिलाया पदक
वहीं, बोकारो भाटिया अकादमी के पूर्व प्रशिक्षु रौशन कुमार ने 20 किलोमीटर रेस वॉक में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 घंटे 28 मिनट 13 सेकंड का समय दर्ज कर रजत पदक जीता।
उनके अनुशासन और फिटनेस की सभी ने सराहना की।
खेल जगत से मिली बधाइयाँ
राज्य के इन दोनों एथलीटों की उपलब्धि पर खेल मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर, झारखंड एथलेटिक्स संघ के प्लानिंग कमेटी चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, प्रभाकर वर्मा, अजीत साहू समेत सभी पदाधिकारियों ने बधाई दी।
कोचों को भी दी गई सराहना
एथलीटों की सफलता में योगदान देने वाले कोच विनोद सिंह, आशु भाटिया, अरबिंद कुमार, बिनोद कुमार, योगेश यादव और प्रभात तिवारी की भी प्रशंसा की गई।
सभी ने कहा कि राज्य के युवा एथलीट लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
