रांची

JPSC ने 488 असिस्टेंट प्रोफेसरों को दी पदोन्नति, दीवाली से पहले बड़ा तोहफा

Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने लंबे इंतजार के बाद 2008 बैच के असिस्टेंट प्रोफेसरों की पदोन्नति को मंजूरी दे दी है। दीवाली से ठीक पहले राज्य के छह विश्वविद्यालयों के कुल 488 शिक्षकों को स्टेज-1 से स्टेज-2 में प्रमोट करने की सिफारिश की गई है। यह प्रमोशन विश्वविद्यालय प्रोमोशन नियमावली 2010 के तहत हुआ है। अब ये शिक्षक प्रोफेसर बनने और प्रशासनिक पदों पर जाने के योग्य हो गए हैं।

JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा, डॉ. जमाल अहमद और सचिव संदीप सिंह ने प्रस्ताव पर मुहर लगाई। कोल्हान विश्वविद्यालय और जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी से प्रस्ताव नहीं आने के कारण वहां के शिक्षकों की प्रमोशन फिलहाल रोक दी गई है।

उच्च शिक्षा को मिलेगा बल

JPSC सचिव संदीप सिंह ने कहा कि यह फैसला राज्य के उच्च शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाएगा। लंबित दस्तावेजों वाले मामलों को नवंबर तक सुलझा लिया जाएगा, ताकि कोई योग्य शिक्षक न छूटे। बैठक में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में यूनिवर्सिटी प्रोफेसर सह चीफ साइंटिस्ट पद के इंटरव्यू रिजल्ट भी जारी करने का निर्णय लिया गया। बांग्ला विषय में प्रमोशन की शुरुआत डॉ. मधुश्री सन्याल को स्टेज-4 से स्टेज-5 (रीडर से प्रोफेसर) में प्रमोट कर की गई।

किन विषयों में हुई पदोन्नति

प्रमोशन अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, भूगर्भशास्त्र, गणित, समाजशास्त्र, इतिहास, मैथिली, म्यूजिक, फारसी, संताली, गृह विज्ञान, मानवशास्त्र, उर्दू, भूगोल, वाणिज्य, वनस्पतिशास्त्र, जंतु विज्ञान, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, भौतिकी, दर्शनशास्त्र और रसायनशास्त्र जैसे विषयों में हुई है।

विश्वविद्यालयवार आंकड़े :

विश्वविद्यालयप्रमोट शिक्षक
रांची विश्वविद्यालय177
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी33
विनोबा भावे विश्वविद्यालय66
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय23
सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय120
विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय69

प्रोफेसर एसोसिएशन का स्वागत

झारखंड प्रोफेसर एसोसिएशन ने JPSC और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. राजकुमार ने कहा कि देर से ही सही, यह फैसला शिक्षकों का मनोबल बढ़ाएगा और उच्च शिक्षा में सकारात्मक बदलाव लाएगा। राज्य के विश्वविद्यालयों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षक लंबे समय से इस प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *