पूर्वी सिहंभूमि

‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने के लिए स्थानीय उद्योगों एवं नवाचारों को करना होगा प्रोत्साहित : बाबूलाल मरांडी

पूर्वी सिंहभूम, 13 अक्टूबर । पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सोमवार को झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत’ संकल्प अभियान चलाया गया, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य वक्ता के रूप में, जबकि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और जिलाध्यक्ष चंडी चरण साउ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में आए भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित करते हुए बाबूलाल ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ का तात्पर्य ऐसे राष्ट्र से है, जो अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बाहरी देशों पर निर्भर न रहे। यह पहल भारत को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय उद्योगों, नवाचारों और उत्पादन को प्रोत्साहित करना होगा।

उन्होंने देश और प्रदेश की जनता से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें। स्वभाषा और स्वभूषा को अपनाकर देश को आत्मबल दें। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर स्वदेशी का भाव अपनाएं, तो 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना कोई असंभव कार्य नहीं रहेगा।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने की दिशा में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग सबसे मजबूत आधार है। जब हम विदेशी सामान खरीदते हैं, तो हमारा धन विदेशों में चला जाता है, जबकि स्वदेशी वस्तुएं हमारे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करती हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष चंडी चरण साउ, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ज्योत्स्ना मयी बेरा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर, सुमन कल्याण मंडल, भक्तिश्री पंडा, कृष्णा पाल, काजल महाकुड़, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्रीवत्स घोष, वास्तु साउ, यादव पात्र, अर्चना दास समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *