राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड के झोली में प्रेम कुमार महतो ने डाला स्वर्ण पदक
इंदौर (मध्य प्रदेश), 6 अक्टूबर 2025 —
इंदौर में चल रही 14वीं राष्ट्रीय बायथल प्रतियोगिता 2025 में झारखंड के खिलाड़ी प्रेम कुमार महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रेम कुमार महतो ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया और प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए झारखंड की झोली में स्वर्ण पदक डाला। उनके इस प्रदर्शन से पूरी झारखंड टीम में खुशी की लहर दौड़ गई है।
झारखंड के इस स्वर्णिम उपलब्धि पर राज्य के खेल प्रेमियों और खेल अधिकारियों ने प्रेम कुमार महतो को बधाई दी है।
टीम के प्रशिक्षक शिवा कुमार महतो एवं मनु कुमार राणा ने कहा कि प्रेम का यह प्रदर्शन राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, उपाध्यक्ष एस.के. पांडे, तथा मॉडर्न पेंटाथलान एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के मृत्युंजय सिंह और शैलेंद्र पाठक ने भी इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रेम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही धनबाद जिला संघ की अध्यक्ष पूजा पांडे, महावीर प्रसाद महतो, तरुण मुखिया, दावेश कुमार तिवारी और अभिषेक पांडे सहित अन्य खेल अधिकारियों ने भी प्रेम कुमार महतो को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी।
झारखंड की इस सफलता ने न केवल राज्य का गौरव बढ़ाया है, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ियों में भी पदक जीतने की उम्मीदें और प्रबल कर दी हैं।

