रांची

कैलाशपति मिश्र की जयंती पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बाबूलाल मरांडी ने साझा की यादें

Ranchi : झारखंड भाजपा की ओर से रविवार को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व राज्यपाल कैलाशपति मिश्र की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राजधानी रांची के एचईसी परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बक्सर में जन्मे थे कैलाशपति मिश्र

कैलाशपति मिश्र का जन्म 5 अक्टूबर 1923 को बिहार के बक्सर जिले में हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख संस्थापक नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें संगठन निर्माण में विशेषज्ञता रखने वाला नेता माना जाता है।

बाबूलाल मरांडी ने किया याद

राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर कहा कि कैलाशपति मिश्र का उनके राजनीतिक जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने बताया कि जब संयुक्त बिहार था, तब कैलाशपति मिश्र मोटरसाइकिल और जीप से पूरे झारखंड में घूम-घूमकर भाजपा की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाते थे।

मरांडी ने भावुक होते हुए कहा, “कैलाशपति जी मेरे राजनीतिक मार्गदर्शक रहे हैं। पहले मैं विश्व हिंदू परिषद में था, लेकिन वे ही मुझे भाजपा में लाए और संगठन में काम करना सिखाया। कई बार बहस भी होती थी, लेकिन उनका व्यवहार एक स्नेही अभिभावक जैसा होता था।”

संगठन को दी मजबूत नींव

कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने जिस प्रकार से पार्टी को मजबूत नींव दी, वह आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में कई भाजपा कार्यकर्ता, नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *