पूर्वी सिहंभूमि

साकची में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान चलाया गया

पूर्वी सिंहभूम, 30 सितंबर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को साकची बाजार में हमारे वोट सुरक्षित रहें शीर्षक से हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान को साकची बाजार के नागरिकों, युवाओं और दुकानदारों ने बड़ी संख्या में समर्थन दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने किया और कहा कि मतदाता सूची में लगातार हो रही गड़बड़ियां लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि कई जगहों पर डुप्लीकेट नाम, फोटो रहित रिकॉर्ड और असली मतदाताओं के नाम हटाए जाने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर जनता की आवाज चुनाव आयोग तक पहुंचा रही है।

उन्होंने बताया कि अगर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी जारी रही तो निष्पक्ष चुनाव का दावा बेमानी हो जाएगा। उन्होंने अपील की कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर नागरिक का नाम सही तरीके से सूची में दर्ज हो और किसी भी वैध मतदाता का नाम बिना सूचना के न हटाया जाए।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने कहा कि वोट हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस की यह पहल लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई और कहा कि यह आंदोलन पारदर्शी मतदाता सूची की गारंटी बनेगा।

इस मौके पर अमर कुमार मिश्रा, संजय सिंह आजाद, जसवंत सिंह जस्सी, राजीव मिश्रा, रंजीत सिंह, शाहनवाज खान, अली रजा खान, इंतिखाब वास्ती, सन्नी सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *