खेलसिमडेगा

1st हॉकी सिमडेगा मास्टर कप 2025 : 75 वर्षीय पूर्व सैनिक थेवोदर मिंज ने हॉकी मैदान में दिखाया जलवा, सम्मानित हुए


सिमडेगा, 29 सितंबर। उम्र केवल एक संख्या है—यह साबित कर दिखाया 1971 के युद्ध के वीर और 75 वर्षीय पूर्व सैनिक थेवोदर मिंज ने। पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले इस जांबाज ने अब हॉकी मैदान पर अपनी बेहतरीन ड्रिब्लिंग से विपक्षी टीम को खूब छकाया। हालांकि उनकी टीम कोचेडेगा जीत दर्ज नहीं कर सकी, लेकिन दर्शकों ने उनके जज्बे को खूब सराहा।

थेवोदर मिंज, जिनका जन्म वर्ष 1950 में हुआ था, 1st हॉकी सिमडेगा मास्टर कप 2025 (पुरुष) में कोचेडेगा की ओर से खेल रहे हैं। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए यह पहली बार आयोजित विशेष प्रतियोगिता है।

सम्मान समारोह

मैदान पर पहुंचे माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, व्यवहार न्यायालय सिमडेगा श्री राजीव कुमार सिन्हा सपरिवार इस विशेष आयोजन के साक्षी बने। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक थेवोदर मिंज, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अंजुलस बिलुंग और कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के गुरु फादर बेनेदिक कुजूर को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन का महत्व

हॉकी सिमडेगा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने साबित किया कि खेल की कोई उम्र सीमा नहीं होती। बुजुर्ग खिलाड़ियों के अनुभव और खेल भावना ने युवा पीढ़ी को भी प्रेरित किया। खासकर 75 वर्षीय थेवोदर मिंज का प्रदर्शन दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *