राज्य में स्वास्थ्य सेवा को नई उड़ान, 158 चिकित्सकों को सौंपा गया नियुक्ति पत्र
रांची । झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित कार्यक्रम में 158 चयनित चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा – “राज्य में भगवानों की नियुक्ति हो रही है।”
इनमें जेपीएससी के माध्यम से चयनित 54 सहायक प्राध्यापक, 14 दंत चिकित्सक, एनएचएम के तहत 41 विशेषज्ञ चिकित्सक और 59 संविदा चिकित्सा पदाधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड ने कोविड जैसी महामारी का सफलतापूर्वक मुकाबला किया और अब राज्य नए कीर्तिमान गढ़ने को तैयार है।
जिला व सामुदायिक अस्पतालों में मिलेगा विशेषज्ञों का साथ
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि इन चिकित्सकों की नियुक्ति राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों और विभिन्न जिला व सामुदायिक अस्पतालों में की जा रही है। इससे चिकित्सा सेवाएं और बेहतर होंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि विभाग की योजना एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 200 करने की है। वहीं, दुमका और पलामू के अस्पतालों को 2000 बेड तक विस्तारित करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है। साथ ही सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए भी तैयारी की जा रही है।
रिम्स2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह पिछले 20 वर्षों की सबसे बड़ी चिकित्सक नियुक्ति है। उन्होंने बताया कि राज्य में रिम्स2 के रूप में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने का सपना साकार होने जा रहा है। इसके अलावा राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेज और 10,500 स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की भी योजना है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की विकास योजनाएं विपक्ष की आंखों में खटक रही हैं, लेकिन जनता सब देख रही है।
महिला चिकित्सकों की बड़ी भागीदारी
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला चिकित्सकों और स्त्री रोग विशेषज्ञों की बड़ी संख्या में नियुक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि इससे राज्य की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने नियुक्त चिकित्सकों से अपील की कि वे समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की सेवा को प्राथमिकता दें।
इन चिकित्सकों को मिला प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र
समारोह में डॉ. आशा एक्का, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. हीना, डॉ. अशुतोष और डॉ. राजीव (एनएचएम से चयनित), तथा जेपीएससी से चयनित डॉ. एंजेल टेटे, डॉ. संतोष कुमार सोरेन, डॉ. कुमार सत्याम, डॉ. वीर महालक्ष्मी, डॉ. साजिया खातून और डॉ. रवि राज को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव अबू इमरान, डॉ. नेहा अरोड़ा और शशि प्रकाश झा भी मौजूद थे।
