खेलरांची

हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-12 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए रांची के तीन खिलाड़ी चयनित

रांची, 23 सितंबर। हैदराबाद में 26 से 29 सितंबर 2025 तक हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 17वीं राष्ट्रीय अंडर-12 मिनी हैंडबॉल प्रतियोगिता में झारखंड राज्य की टीम हिस्सा लेगी। इस टीम में रांची के कार्तिक उरांव हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर, रातू के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

चयनित खिलाड़ियों में शिवम उरांव, प्रेम मुंडा और अभय मुंडा शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने 17 अगस्त 2025 को टाटा में आयोजित ओपन चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर अपनी जगह झारखंड टीम में पक्की की है। ये तीनों खिलाड़ी अब राष्ट्रीय मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

झारखंड की यह टीम 24 सितंबर को हैदराबाद के लिए रवाना होगी। खिलाड़ियों के चयन पर रांची जिला हैंडबॉल संघ के सभी पदाधिकारियों, कोच और साथी खिलाड़ियों ने हर्ष जताया है और चयनित खिलाड़ियों को ढेरों बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए हैंडबॉल प्रशिक्षक विष्णु कुमार ने बताया कि “तीनों खिलाड़ियों ने निरंतर अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के बल पर टीम में स्थान बनाया है। यह चयन न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।”

राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का यह अवसर इन युवा खिलाड़ियों के खेल जीवन को नई दिशा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *