रांची

रांची: पंडरा थाना में तोड़फोड़ करने वाले 8 उपद्रवी गिरफ्तार

Ranchi : रांची के पंडरा ओपी में बीते शनिवार देर शाम हुए भयंकर बवाल में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चंदन कुमार, महेश साव, दिनेश राय, कुणाल यादव, कुंदन कुमार यादव, अनमोल जायसवाल, मीणा देवी और प्रिया कुमारी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को एक सड़क हादसे में उत्तम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 20 सितंबर को उनकी मौत हो गई। इस खबर के फैलते ही इलाके के लोग गुस्से में आ गए। करीब 400-500 लोग मृतक का शव लेकर पंडरा थाना के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे और मेन रोड जाम कर दिया।

भीड़ ने थाने पर बोला धावा

अचानक गुस्साई भीड़ ने पंडरा थाना में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुर्सियां-टेबल उलट दिए गए, दस्तावेज फाड़े गए और गोदरेज, खिड़की-दरवाजे तोड़ दिए गए। थाना परिसर में खड़ी पुलिस की गाड़ी टाटा सूमो को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान पुलिसकर्मियों और थानेदार मनीष कुमार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिसमें वे बेतरह जख्मी हो गये।

मौके पर कोतवाली DSP प्रकाश सोय पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। जब भीड़ नहीं मानी, तो पुलिस ने फोर्स का इस्तेमाल कर मेन रोड खाली करवाया। इस मामले में कुल 30 नामजद और लगभग 400-500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ताबड़तोड़ कार्रवाई में आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह जानकारी रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया के साथ साझा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *