हजारीबाग

PM मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह, हजारीबाग में जागरूकता रथ रवाना

Hazaribagh : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर देशवासियों को स्वास्थ्य से जुड़ा खास तोहफा दिया। उन्होंने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य देशभर में लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

हजारीबाग जिले में भी इस अभियान को लेकर उत्साह देखा गया। जिला उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सोमवार को जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों में जाकर लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और बीमारियों की रोकथाम के बारे में जानकारी देगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस बार अभियान में महिलाओं के साथ पुरुषों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। खासकर मोटापा, मधुमेह, अधिक नमक-चीनी का सेवन और बच्चों के सही आहार पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह आयोजन 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।

समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंह ने बताया कि पोषण गतिविधियों के लिए एक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके तहत हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी इस बार पूरे जोश के साथ दूर-दराज के इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक करने की तैयारी में हैं। उनका मानना है कि यह अभियान लोगों में यह संदेश देगा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *