सरायके वाखरसावा

नीमडीह में नकली अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Seraikela Kharsawan : नीमडीह थाना क्षेत्र के ग्राम तेतलो में नकली अंग्रेजी शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। यह कार्रवाई 16 सितंबर 2025 को की गई, जब SP सरायकेला-खरसावां को दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब के निर्माण व बिक्री को लेकर मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वांडिल के निर्देशन में नीमडीह थाना पुलिस ने तेतलो गांव निवासी अशोक गोप उर्फ विडियो गोप के घर पर छापा मारा। वहां एक टेम्पु में भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब पाई गई। मौके से दो आरोपियों –निरंजन गोराई (भादुडीह, थाना चांडिल) और प्रकाश कुमार गुप्ता (हलुदबनी, थाना परसुडीह, जमशेदपुर) को रंगे हाथ पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि आगामी दुर्गा पूजा में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए यह नकली शराब फैक्ट्री चलाई जा रही थी और तैयार माल नीमडीह व चांडिल क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से 100 लीटर स्प्रिट, विभिन्न ब्रांड के लेबल, स्टीकर, बोतल के ढक्कन, टेम्पु (JH05DU-1845), नकली शराब की 458 बोतलें (Mc Dowells No-1, Iconiq White आदि) सहित कई अन्य सामान बरामद किए हैं।

इस मामले में नीमडीह थाना कांड संख्या 53/2025, दिनांक 16.09.2025 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फैक्ट्री से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी समेत कुल सात पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *