खेलरांची

खेलो झारखंड और राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर अहम बैठक सम्पन्न

रांची, 11 सितंबर — आगामी खेलो झारखंड और 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन ने की। इसमंक झारखंड ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों समेत 26 खेल संघों के अध्यक्ष और सचिवों ने भाग लिया।

बैठक में चर्चा का मुख्य केंद्र खेल आयोजनों की बेहतर मेजबानी और खिलाड़ियों के लिए समुचित प्रबंधन रहा। श्री शशि रंजन ने कहा कि, “पिछले तीन वर्षों में खेलो झारखंड को मिली सफलता में सभी खेल संघों की अहम भूमिका रही है। इस बार भी हम सबके सहयोग से राज्य को खेलों में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को दीर्घकालिक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी ताकि वे भविष्य की प्रतियोगिताओं में राज्य का गौरव बढ़ा सकें।

जिला स्तर पर भी होगी तैयारी की समीक्षा

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने जानकारी दी कि 12 सितंबर को जिला स्तर की बैठक बुलाई गई है, जिसमें राज्य के सभी 24 जिलों के खेल कोषांग सदस्य शामिल होंगे। इसका उद्देश्य जिलों में खेलो झारखंड के आयोजन को सफल बनाने की रूपरेखा तय करना है।

इस अहम बैठक में झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्री शिवेंद्र नाथ दुबे, राज्य खेल कोषांग के अन्य सदस्य एवं शिक्षा परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *