खेल

रांची में 15वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 कल से, 28 राज्यों की टीमें होंगी शामिल

रांची : झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रही है। 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन 03 जुलाई 2025 को सुबह 11:00 बजे झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार द्वारा किया जाएगा।

यह भव्य आयोजन हॉकी इंडिया, झारखंड सरकार के कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, और हॉकी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। चैंपियनशिप का आयोजन स्थल होगा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी, रांची, जो 03 जुलाई से 14 जुलाई 2025 तक मैचों की मेज़बानी करेगा।

तीन डिविजनों में होगी प्रतियोगिता, 28 राज्यों की टीमें मैदान में

इस वर्ष चैंपियनशिप को Promotion & Relegation प्रणाली के तहत तीन डिविजनों में विभाजित किया गया है:

  • A डिविजन: 12 टीमें
  • B डिविजन: 9 टीमें
  • C डिविजन: 7 टीमें

कुल 28 राज्यों की महिला हॉकी टीमें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। अधिकांश टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और आयोजन स्थल पर अभ्यास में जुटी हुई हैं।

झारखंड में महिला हॉकी को मिलेगी नई उड़ान

इस आयोजन के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच मिलेगा, बल्कि झारखंड की खेल प्रतिभा को भी नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम में यह आयोजन राज्य के खेल विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *