Home

15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला चैंपियनशिप का उद्घाटन 3 जुलाई को, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार करेंगे शुभारंभ

रांची : 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 का भव्य उद्घाटन आगामी 3 जुलाई को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के माननीय खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

यह चैंपियनशिप 3 जुलाई से 14 जुलाई 2025 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर की सर्वश्रेष्ठ सब-जूनियर महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन स्थल रांची को चुना जाना राज्य के लिए गौरव की बात है, जहां राष्ट्रीय स्तर की महिला प्रतिभाएं अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।

सोमवार को हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह और उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने माननीय खेल मंत्री से औपचारिक रूप से भेंट कर प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण प्रदान किया। मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने आयोजन में अपनी सहभागिता की सहर्ष स्वीकृति दी और हॉकी झारखंड को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह आयोजन राज्य की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का अवसर भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *