1 जुलाई से लागू हुए 6 बड़े बदलाव: रेल किराया बढ़ा, तत्काल टिकट नियम बदले, गैस सिलेंडर हुआ सस्ता
रांची, 1 जुलाई 2025: जुलाई का महीना कई महत्वपूर्ण बदलावों के साथ शुरू हुआ है, जो आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से सीधे जुड़े हैं। इन बदलावों में रेलवे यात्रा, टिकट बुकिंग, पैन कार्ड, गैस सिलेंडर की कीमतें, UPI पेमेंट और ऑटो सेक्टर से जुड़ी अहम घोषणाएं शामिल हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से—
1. रेल सफर हुआ महंगा: AC में 20 रुपए तक की बढ़ोतरी
रेल मंत्रालय ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की है।
- नॉन-एसी क्लास: 1 पैसे प्रति किमी बढ़ोतरी
- एसी क्लास: 2 पैसे प्रति किमी
उदाहरण के लिए, 1000 किमी की यात्रा में एसी क्लास का किराया अब 20 रुपये तक और नॉन-एसी में 10 रुपये तक बढ़ जाएगा।
2. तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार लिंक अनिवार्य
अब IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक करना जरूरी हो गया है।
- तत्काल टिकट बुकिंग के पहले 10 मिनट में सिर्फ आधार-वेरिफाइड यूजर्स को बुकिंग की सुविधा मिलेगी।
- एजेंट्स और बॉट्स की एंट्री रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा।
3. पैन कार्ड के लिए आधार अनिवार्य
1 जुलाई से पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।
- अब बिना आधार के पैन कार्ड नहीं बन सकेगा।
- आप इनकम टैक्स वेबसाइट पर जाकर केवल आधार और OTP की मदद से 10 मिनट में ई-पैन कार्ड बना सकते हैं।
4. UPI पेमेंट में अब असली रिसीवर का नाम दिखेगा
NPCI ने नया नियम लागू किया है, जिसके अनुसार UPI से पेमेंट करते समय अब केवल असली बैंक अकाउंट होल्डर का नाम ही दिखाई देगा।
- इससे QR कोड स्कैम और गलत ट्रांजैक्शन से बचा जा सकेगा।
- यह नियम सभी UPI ऐप्स पर 30 जून तक लागू कर दिया गया है।
5. MG मोटर की कारें हुईं महंगी
JSW-MG मोटर इंडिया ने अपनी कारों की कीमतों में 1.5% तक की बढ़ोतरी की है।
- रॉ मटेरियल और ऑपरेशनल कॉस्ट बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया।
- यह कंपनी की 7 महीने में दूसरी कीमत बढ़ोतरी है। इससे पहले 1 जनवरी 2025 को 3% तक दाम बढ़े थे।
6. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹58.50 सस्ता
एलपीजी की कीमतों में राहत मिली है।
- दिल्ली में 19 किलो कॉमर्शियल सिलेंडर ₹58.50 सस्ता होकर ₹1665 में मिलने लगा है (पहले ₹1723.50)।
- मुंबई में नई कीमत ₹1616.50 है (पहले ₹1674.50)।
इन बदलावों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब और दैनिक जीवन पर पड़ेगा। रेल किराए और वाहन महंगाई से जहां खर्च बढ़ेगा, वहीं UPI सुरक्षा और गैस सिलेंडर सस्ती होने से कुछ राहत भी मिलेगी।
