राष्ट्रीय खेल दिवस पर राँची में सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता सम्पन्न

राँची: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज राँची जिले के बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा में सुपर स्पीड बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आठ टीमों के कुल एक सौ बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में नारी शक्ति की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती आरती बेहरा, विशिष्ट अतिथियों में बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय के सचिव सजल बनर्जी, डोरण्डा महाविद्यालय, राँची के प्राध्यापक अवधेश कुमार ठाकुर, और रिलेशन ग्रुप के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. अजय झा ने आंगंतुकों का स्वागत किया और मंच का संचालन किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के प्रशिक्षक संजय कुमार, शुभम सिंह, सरिता कुमारी, अनुशिखा कुमारी, सारथी बेहरा सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो एसोसिएशन के महासचिव विवेक कुमार ने किया।
प्रतियोगिता के परिणाम:
बालक वर्ग में: डे बोर्डिंग बालक प्रशिक्षण केंद्र, धुर्वा ने बी.एस.पी. स्पोर्ट्स केंद्र को 24-17 अंकों से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस मुकाबले में सन्नी कुमार, अभिषेक उरांव, अरूण गाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि बी.एस.पी. स्पोर्ट्स के शिवम नायक और शिवा कुमार ने भी सराहनीय खेल दिखाया।
बालिका वर्ग में: बी.एस.पी. स्पोर्ट्स केंद्र ने बिरसा मुंडा क्लब को कड़े संघर्ष के बाद 18-13 अंकों से हराकर जीत हासिल की। पूजा कुमारी, अन्नु कुमारी, योशि प्रिया की शानदार पारी के बाद बिरसा मुंडा क्लब की तरफ से प्रीति कुमारी, मनीषा कुमारी, दीपा कुमारी ने भी उम्दा खेल दिखाया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के इस अवसर पर खिलाड़ियों के खेल कौशल और टीम भावना को देख कर यह साबित हो गया कि खेल ही शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सबसे बेहतरीन तरीका है।
