राष्ट्रीय खेल दिवस पर मोरहाबादी में हॉफ मैराथन का आयोजन

500 से अधिक धावकों ने लिया भाग, विजेताओं को किया गया सम्मानित
रांची : भारत के महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रांची के बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान में हॉफ मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय (झारखंड सरकार) द्वारा किया गया।
इस हॉफ मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्ग से कुल 500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में निदेशालय के अवर सचिव राजेश कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी मनोहर टोपनो, अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक विनोद सिंह, एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ऋतुराज शामिल थे।
प्रतियोगिता की शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर की गई। अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने बुके एवं प्रतीक चिन्ह देकर किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रशिक्षक अजय झा ने निभाई।
कार्यक्रम में साई से सेवानिवृत्त फुटबॉल प्रशिक्षक सुनील सिंह, कबड्डी प्रशिक्षक हरीश कुमार, रवि केसरी, राजू साहु, मुकेश कुमार, रोशन कुमार शिवसागर, कुश साहु सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन जिला खेल समन्वयक आशीष बनर्जी ने किया।
प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा:
🔹 पुरुष वर्ग:
1. अनुप उरांव
2. सिरिल टोप्पो
3. रोशन कुमार रविदास
🔹 महिला वर्ग:
1. सुमन कुमारी
2. आरती कुमारी
3. सावित्री कुमारी
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, पदक एवं वाटर बोतल देकर सम्मानित किया गया।
